चंडीगढ़ , जुलाई 31 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के सनौर में शहीद सरदार उधम सिंह के 87वें शहादत दिवस समारोह में पंजाब सरकार से चुनावी वादों और भर्ती प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब केवल चार महीने शेष हैं और जनता को यह जानने का अधिकार है कि सरकार ने अपने 56 चुनावी वादों में से कितने पूरे किए हैं। श्री सैनी ने आबकारी निरीक्षकों की भर्ती में कथित अनियमितताओं का भी मुद्दा उठाते हुए इसे युवाओं के साथ अन्याय बताया। उन्होंने कहा कि विकास केवल नारों से नहीं, बल्कि मजबूत इरादों और प्रतिबद्धता से होता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और हरियाणा सरकार भी किसानों, महिलाओं व युवाओं के लिए लगातार कल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने हरियाणा में किए गए 217 संकल्पों में से 70 पूरे कर दिए हैं और शेष पर भी तेजी से काम जारी है।
मुख्यमंत्री ने शहीद सरदार उधम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने पंजाब के लोगों से उनके विचारों का अनुसरण कर राज्य के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। समारोह में परनीत कौर, हरदीप सिंह कंबोज, बाबा ब्रह्मदास जी महाराज, स्वामी राजेश्वरानंद महाराज, संत महेश मुनि जी महाराज सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित