अंबिकापुर , मई 29 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक रामकुमार टोप्पो के नायब तहसीलदार के साथ कथित मारपीट प्रकरण में आत्मसमर्पण करने की खबर सामने आई है। इस मामले में विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है।
पुलिस के अनुसार, राजापुर उप तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विधायक और उनके समर्थकों ने शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई तथा नायब तहसीलदार के साथ मारपीट की।
नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई, जिससे उनके कपड़े फट गये। बताया गया है कि जब यह घटना हुई, उस समय मौके पर उप जिलाधिकारी (एसडीएम) फागेश सिन्हा भी मौजूद थे।
शिकायत के अनुसार, एसडीएम सिन्हा ने नायब तहसीलदार मानिकपुरी को बचाने की हरसंभव कोशिश की लेकिन आरोप है कि विधायक समर्थकों ने उन्हें हस्तक्षेप करने से रोकते हुए दूर कर दिया। घटना के बाद नायब तहसीलदार और एसडीएम दोनों अपनी शिकायत लेकर कलेक्टर अजीत वसंत से मिलने पहुंचे थे।
इधर, मामले को लेकर सरगुजा राजस्व कर्मचारी-अधिकारी संघ भी सक्रिय हो गया है। संघ ने विधायक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी थी कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेशभर के राजस्व कर्मचारी एवं अधिकारी काम बंद कर हड़ताल पर चले जाएंगे।
इस बीच विधायक रामकुमार टोप्पो के आत्मसमर्पण किये जाने की चर्चाओं ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गयी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित