अंबिकापुर , मई 28 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट तहसील कार्यालय में पदस्थ नायब तहसीलदार और सीतापुर विधायक के बीच विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं तथा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की बात कही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को मैनपाट तहसील कार्यालय में किसी बात को लेकर नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी और सीतापुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक रामकुमार टोप्पो के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर कथित रूप से धक्का-मुक्की और मारपीट की नौबत आ गई।
विधायक टोप्पो की बहन सीमा धनकी ने सीतापुर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए नायब तहसीलदार पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरी ओर नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी ने विधायक और उनके समर्थकों पर मारपीट तथा दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है।
मामले को लेकर छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ भी सामने आया है। संघ ने कलेक्टर अजीत बसंत को ज्ञापन सौंपकर नायब तहसीलदार के साथ कथित अभद्रता और मारपीट की घटना की निंदा की है तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो कर्मचारी सामूहिक हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे।
कलेक्टर अजीत बसंत ने दोनों पक्षों की शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित