धार , मार्च 07 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की बदनावर तहसील में नायब तहसीलदार पर हमला करने वाला बंदर को वन विभाग ने रेस्क्यू़ कर लिया है।

बंदर ने कल देर रात नगर की ऑफिसर कॉलोनी में नायब तहसीलदार सहदेव मोरे पर उनके शासकीय आवास में घुसकर हमला किया था, जिसके बाद प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। अत्यधिक खून बहने के कारण उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रतलाम रेफर किया गया। रतलाम में डॉक्टरों को उनके हाथ का ऑपरेशन करना पड़ा। हालांकि शनिवार दोपहर के समय वन विभाग ने बंदर को पिंजरे में कैद कर लिया है।

दरअसल बदनावर में पिछले दो दिनों से एक बंदर के हमले से लोगों में डर का माहौल बना हुआ था। बंदर जनपद पंचायत से लेकर ऑफीसर कॉलोनी तक के इलाके में लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहा था। एक दिन पूर्व शुक्रवार को दो लोग बंदर के हमले में घायल हुए। विजय विश्वकर्मा को सोते समय बंदर ने हमला किया। उन्हें सिविल अस्पताल बदनावर में इंजेक्शन नहीं मिला, जिसके बाद उन्हें बड़नगर ले जाना पड़ा। अजय नामक युवक पर बंदर ने हमला किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित