नयी दिल्ली , जनवरी 20 -- नागरकि उड्ड्यन मंत्री के. राम मोहन नायडू से सोमवार को जुरिख एयरपोर्ट लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लुकास बोरिस ने मुलाकात की और निर्माणाधीन नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के बारे में चर्चा की।

यह मुलाकात जुरिख में हुई। मौके पर निजी सार्वजनिक भागीदारी के तहत नोएडा हवाई अड्डे का विकास करने वाली कंपनी जुरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक डेनियल बिर्चर भी मौजूद थे।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सोमवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि दोनों पक्षों के बीच नोएडा के जेवर स्थिर नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के विकास और परिचाल, विमानन सेक्टर में वैश्विक तौर-तरीकों, और भारत के तेजी से बढ़ते विमानन बाजार में अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों के लिए बेहतर निवेश के मौकों पर बात हुई।

पोस्ट में कहा गया है, "इस बातचीत से भारतीय विमानन क्षेत्र की विकास गाथा में वैश्विक हवाई अड्डा संचालकों की गहरी दिलचस्पी सामने आई और विमानन ढांचे के विकास, परिचालन उत्कृष्टता तथा क्षेत्र में दीर्घकालिक निवेश में अधिक सहयोग के तरीकों पर बात हुई।"उल्लेखनीय है कि नोएडा हवाई अड्डे के पहले चरण का निर्माण पूरा हो चुका है। सूत्रों के मुताबिक, कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर वहां परिचालन शुरू करने के लिए मंजूरी अटकी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित