खरगोन , सितंबर 29 -- मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित लोकायुक्त पुलिस की टीम ने मंगलवार सुबह खरगोन में कृषि भूमि के नामांतरण के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते एक पटवारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मामले में तहसीलदार और एक अन्य पटवारी के विरुद्ध भी प्रकरण दर्ज किया गया है।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के अनुसार बड़ी कसरावद निवासी शिकायतकर्ता पुनीत नाडीवाल ने अपनी पत्नी की कृषि भूमि के नामांतरण के लिए रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने मंगलवार तड़के जाल बिछाया। टीम ने खरगोन में शारदा अस्पताल के सामने पाटीदार मेडिकल के पास पटवारी खुम सिंह धारवे को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
लोकायुक्त के अनुसार मामले में तहसीलदार अंतरसिंह कनेश और पटवारी कुलदीप यादव के नाम भी सामने आए हैं। लोकायुक्त पुलिस ने तीनों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित