अलवर , अगस्त 30 -- राजस्थान में नगर निकाय चुनाव- 2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन 31 अगस्त को मिनी सचिवालय अलवर में प्रत्याशियों और समर्थकों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने प्रवेश और यातायात व्यवस्था की योजना जारी की है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देश पर नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों के लिए वार्ड के अनुसार अलग-अलग प्रवेश व्यवस्था तय की गयी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मिनी सचिवालय परिसर में केवल निर्धारित व्यवस्था के तहत ही प्रवेश दिया जाएगा।

वार्ड एक से 26 तक के प्रत्याशियों के लिए द्वार -1 से प्रवेश रखा गया है। यह द्वार न्यायालय परिसर के पास है। यहां से प्रवेश करने के बाद प्रत्याशी और उनके समर्थक मिनी सचिवालय के द्वार तीन से अंदर जाएंगे। वहीं वार्ड 27 से 65 तक के प्रत्याशियों के लिए प्रवेश की व्यवस्था द्वार-2, सरस डेयरी के पास वाले द्वार से रहेगी। यहां से प्रवेश के बाद मिनी सचिवालय के द्वार-पांच से परिसर में प्रवेश दिया जाएगा।

सूत्रों ने बताया कि नामांकन के लिए आने वाले प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था नए न्यायालय परिसर में की गयी है। पुलिस ने कहा है कि आदर्श आचार संहिता प्रभावी होने के कारण नामांकन स्थल तक प्रत्याशी के साथ केवल निर्धारित संख्या में व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित