पठानकोट , अक्टूबर 19 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष एवं विधायक अश्वनी शर्मा ने नाभा में युवक से कथित मारपीट के मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक देव मान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने कीमांग की है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के अहंकार में आप नेताओं का व्यवहार जनता के प्रति बदल गया है।

श्री शर्मा ने कहा कि नाभा में मोटरसाइकिल से जुड़ी मामूली टक्कर के बाद विधायक देव मान ने कथित तौर पर युवक का पीछा किया और अपने सुरक्षाकर्मियों से उसकी पिटाई करवाई। उन्होंने कहा कि घटना से संबंधित एक वीडियो सामने आया है, जिसमें युवक को लात मारते हुए देखा जा सकता है।

भाजपा नेता ने राज्य सरकार से सवाल किया कि क्या यही वह बदलाव है जिसका वादा आम आदमी पार्टी ने पंजाब की जनता से किया था। उन्होंने कहा कि खुद को जनता का सेवक बताने वाले नेता छोटी-छोटी बातों पर लोगों के साथ मारपीट करें, यह स्वीकार्य नहीं है।

श्री शर्मा ने आरोप लगाया कि आप नेताओं के व्यवहार में वीआईपी संस्कृति हावी हो गई है और नाभा की घटना शर्मनाक है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कानून के अनुसार एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित