ऋषिकेश , सितंबर 02 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश के आईडीपीएल क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ यौन अपराध के मामले में पुलिस ने बुधवार को तीन युवकों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका घटना में सामने आई, जिसके बाद तीनों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट के अनुसार, सात जुलाई को नाबालिग के परिजन की ओर से कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी गई थी। तहरीर में बताया गया कि एक जुलाई को 16 वर्षीय नाबालिग अपनी परिचित युवती के साथ आईडीपीएल क्षेत्र में गई थी। जहां कुछ युवकों ने दोनों को शराब पिलाई और नाबालिग के नशे की स्थिति का फायदा उठाकर उसके साथ अश्लील हरकत एवं यौन अपराध किया गया। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।

श्री बिष्ट ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शिवम उर्फ शुभम, गोविन्द और दीपक उर्फ डीपी को पूछताछ के लिए तलब किया। पूछताछ और विवेचना के दौरान सामने आया कि 30 जून की मध्यरात्रि आरोपियों ने नाबालिग और उसकी परिचित युवती को आईडीपीएल स्थित एक गोदाम में बुलाया था। पुलिस के अनुसार, वहां उन्हें शराब पिलाई गई और नाबालिग के अत्यधिक नशे की स्थिति का फायदा उठाकर उसके साथ यौन अपराध किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित