बीजापुर , अप्रैल 12 -- त्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के थाना भैरमगढ़ क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 11 अप्रैल की रात की बताई जा रही है। पीड़ित बालिका को उसका पूर्व से परिचित एक व्यक्ति बहला-फुसलाकर सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर थाना भैरमगढ़ में बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की सुसंगत धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि इस घटना में मुख्य आरोपी के अलावा चार अन्य व्यक्तियों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अंकित परबुलिया, लक्ष्मीनाथ लेकाम, सुनील परबुलिया और जातवेद मोड़ियाम शामिल हैं। फिलहाल थाने में इन सभी से पूछताछ की जा रही है। वहीं, इस दुष्कर्म मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके।
थाना भैरमगढ़ पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र ही विधिक कार्यवाही पूर्ण की जाएगी। सभी चार गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा, जबकि अभिरक्षा में लिए गए विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित बालिका का मेडिकल परीक्षण कराकर अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल, पूरे मामले की गहन जांच जारी है और आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित