जगदलपुर , अप्रैल 01 -- छत्तीसगढ़ में बस्तर जिले के बोधघाट थाना क्षेत्र में नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी की पहचान मुकेश ध्रुव (20) निवासी जगदलपुर के रूप में हुई है, जो घटना के बाद से क्षेत्र में सक्रिय था।
पुलिस से बुधवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार (31 मार्च) को नाबालिग पीड़िता थाना बोधघाट पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने कार्य से कोर्ट तिराहा की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में मुकेश ध्रुव ने उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। पीड़िता द्वारा विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने साहस दिखाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर थाना बोधघाट में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75, 126(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 08 और 11 के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच प्रारंभ की गई और आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित