उज्जैन , जून 24 -- मध्यप्रदेश में उज्जैन जिले के पावसा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग युवती की तस्वीर का दुरुपयोग कर आपत्तिजनक वीडियो और सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 21 जून को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री के पासपोर्ट आकार के फोटो को किसी अज्ञात व्यक्ति ने एक अन्य युवती की तस्वीर के साथ संपादित कर अश्लील वीडियो और आपत्तिजनक सामग्री तैयार की तथा उसे व्हाट्सएप एवं अन्य सोशल मीडिया माध्यमों पर प्रसारित किया।

प्रारंभिक जांच में वीडियो में दिखाई देने वाले युवक और युवती का पीड़िता अथवा उसके परिवार से कोई संबंध नहीं पाया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67ए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान संबंधित व्यक्तियों के बयान लिए गए। जांच में सामने आया कि बीएलओ फखरुनिशा उर्फ बेबी ने एसआईआर फॉर्म में संलग्न पीड़िता का फोटो व्हाट्सएप के माध्यम से एहसान पटेल को भेजा था। इसके बाद फोटो विभिन्न व्यक्तियों के बीच साझा किया गया और उसका दुरुपयोग किया गया।

पुलिस जांच में पाया गया कि मुजफ्फर पटेल ने पीड़िता के फोटो को एक अज्ञात युवती की तस्वीर के साथ संपादित कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार की और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। मामले में एहसान पटेल, आबिद पटेल, मुजफ्फर पटेल तथा फखरुनिशा उर्फ बेबी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं। एक अन्य आरोपी यूसुफ पटेल फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की डिजिटल फोरेंसिक जांच कराई जा रही है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित