बैतूल , अगस्त 20 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में नाबालिग बालिकाओं को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामलों में बैतूल बाजार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल बैतूल भेज दिया गया। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 15 अगस्त 2026 को बैतूल बाजार थाने में तीन अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। शिकायतकर्ताओं ने बताया था कि उनकी नाबालिग बेटियां शासकीय हाईस्कूल बडोरा में पढ़ती हैं और आठ अगस्त को स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 263/26, 264/26 और 265/26 दर्ज कर बीएनएस की धारा 137(2) के तहत जांच शुरू की। पुलिस टीम ने हमलापुर, बाजपुर, किला खंडारा, सोनाघाटी, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर तलाश की तथा होटल और लॉज भी खंगाले। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीनों बालिकाओं को दस्तयाब कर लिया।
पुलिस के मुताबिक बालिकाओं से पूछताछ और उनके कथनों के आधार पर आरोपियों द्वारा बहला-फुसलाकर साथ ले जाने और दुष्कर्म किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद संबंधित प्रकरणों में बीएनएस की धारा 64(1), 65(1), 75(2), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 जोड़ी गई।
पुलिस ने मनीष बरकड़े (23), निवासी चारगांव, थाना रानीपुर और विनोद इवने (19), निवासी धनियाजाम को 18 अगस्त को गिरफ्तार किया। वहीं मनीष आहाके (22), निवासी झाड़ेगांव, थाना कोतवाली को 19 अगस्त को गिरफ्तार किया गया। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार आरोपी अरविन्द धुर्वे की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजयसिंह ठाकुर सहित पुलिस एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने अभिभावकों से नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बच्चा या बच्ची बिना बताए घर से बाहर जाए और वापस नहीं लौटे तो तत्काल पुलिस को सूचना दी जाए। उन्होंने बताया कि महिला एवं बाल अपराधों में पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है तथा पीड़ितों की पहचान और गरिमा की रक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित