पिथौरागढ़ , अक्टूबर 25 -- उत्तराखंड में पिथौरागढ़ पुलिस ने दो नाबालिग बालिकाओं के दुर्व्यापार और यौन शोषण के मामले में आरोपी महिला को रविवार को चंपावत से गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ की दो नाबालिग बालिकाओं का शारीरिक शोषण के उद्देश्य से दुर्व्यापार किए जाने के संबंध में कोतवाली पिथौरागढ़ में बीएनएस की धारा 65(1), 74, 115(2), 137(2), 143(5) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 3/4, 5/6, 7/8, 17 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम में एसएसआई ललित मोहन रावल, विवेचक उ0नि0 प्रियंका मौनी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। सुरागरसी-पतारसी के बाद टीम ने आरोपी पूजा बिष्ट (28), निवासी शिवपुरम कॉलोनी, रुद्रपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर को चम्पावत से गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकरण से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित