धारमपुरी , जून 01 -- मध्यप्रदेश में धार जिले की धरमपुरी तहसील के धामनोद थाना क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम बालक के साथ पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग द्वारा यौन शोषण की गंभीर वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजन बच्चे को गंभीर हालत में थाने लेकर पहुंचे, जहां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया और भारतीय न्याय संहिता व पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 31 मई की रात की है। पीड़ित बालक के पिता ने बताया कि उनका बेटा रात करीब आठ बजे खेलने के लिए गया था और लगभग आधे घंटे बाद घबराया हुआ तथा खून से लथपथ हालत में घर लौटा। मासूम ने परिजनों को बताया कि पड़ोस में रहने वाले नाबालिग ने उसके साथ गलत हरकत की, विरोध करने पर उसका मुंह दबाया, कपड़े उतारने का प्रयास किया और धमकी दी कि यदि उसने यह बात किसी को बताई तो जान से मार देगा। इसके बाद आरोपी ने जबरन कुकृत्य किया।

परिजनों के अनुसार बालक के निजी अंग से भारी रक्तस्राव हो रहा था और कपड़े खून से सने हुए थे। घटना का पता चलते ही परिजन आरोपी के घर पहुंचे, लेकिन वह फरार हो चुका था। इसके बाद वे सीधे थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित