उमरिया , मई 20 -- मध्यप्रदेश में उमरिया जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर उसके दो नाबालिग दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद की है।पुलिस सूत्रों के अनुसार कैमोर जिला कटनी निवासी मयंक चौधरी (15) अपने मामा के यहां मानपुर के वार्ड क्रमांक आठ में आया हुआ था। वह 14 मई की शाम से लापता था। सोमवार को उसका छत-विक्षत शव मानपुर से लगे ग्राम सरमनिया के जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक के दो नाबालिग दोस्तों से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 'किडनैप की रील' बनाने के बहाने मयंक को सरमनिया के जंगल में बुलाया और उसके हाथ-मुंह बांधकर चाकू से गले तथा सीने पर हमला किया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। प्रारंभिक जांच में मोबाइल फोन पर बातचीत को लेकर विवाद हत्या का कारण सामने आया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, टेप तथा खून से सने कपड़े जब्त कर लिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित