बैतूल , जनवरी 30 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के तहत मुलताई पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी मुलताई एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्रसिंह परिहार के नेतृत्व में की गई।

पुलिस के अनुसार 16 अगस्त 2025 को फरियादिया ने थाना मुलताई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। संदेह के आधार पर अभिषेक पिपरदे निवासी हथनापुर के खिलाफ अपराध क्रमांक 644/25 धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान साइबर तकनीक और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 7 नवंबर 2025 को आरोपी को उसके घर ग्राम हथनापुर से दस्तयाब किया था, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। बाद में पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी द्वारा अपहरण कर दुष्कर्म किए जाने की पुष्टि हुई।

लगातार फरार रहने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया। आरोपी दो बार झाड़ियों और अंधेरे का फायदा उठाकर पुलिस से बच निकला, लेकिन 29 जनवरी 2026 की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसके घर को चारों ओर से घेरकर बमुश्किल गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 30 जनवरी 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्रसिंह परिहार, उनि नेपालसिंह ठाकुर, उनि मोनिका पटले, आरक्षक नरेन्द्र कुशवाह, अरविंद पटेल, विवेक चौरे एवं अजय ज्ञासवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित