दरभंगा , सितंबर 22 -- िहार के दरभंगा जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के साथ दुर्व्यवहार एवं दुकानदार के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच घंटे के अंदर एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।जमालपुर थाना के थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार के अनुसार, 21 सितंबर को करीब नौ बजे कीरतपुर गांव में एक नाबालिग छात्रा हाई स्कूल जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक उसका पीछा कर उसके साथ दुर्व्यवहार करने लगे। लड़की के हल्ला करने पर स्थानीय दुकानदार एवं ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों युवकों ने दुकानदार के साथ मारपीट की। आसपास के लोगों के जुटने पर दोनों युवक मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गये।

घटना की सूचना ग्रामीणों ने डायल-112 को दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जमालपुर थाना पुलिस को जानकारी दी। मामले में जमालपुर थाना कांड संख्या 97/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की गयी।

वरीय पुलिस अधीक्षक जगुन्नाथ रड्डी जलारड्डी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिरौल के नेतृत्व में गठित छापामारी दल ने कार्रवाई करते हुए पांच घंटे के अंदर कीरतपुर गॉव से राजू सदा को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक विधि विरुद्ध बालक को निरूद्ध किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। दोनों के विरुद्ध अग्रेतर कार्रवाई न्यायालय के माध्यम से की जा रही है।

मंडल पुलिस पदाधिकारी विरोल तिवारी ने बताया कि छापामारी दल में जमालपुर के सहायक थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक संजीव कुमार एवं शिवपूजन कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

इस बीच दरभंगा पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि नाबालिग पीड़िता का वीडियो प्रचारित प्रसारित करना उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाना है तथा उसकी पहचान उजागर करना पोक्सो एक्ट, आईटी एक्ट एवं जेजे एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है। इसीलिए ऐसे संवेदनशील वीडियो को किसी भी माध्यम से शेयर एवं रिपोस्ट ना करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित