उज्जैन , जुलाई 14 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले की माकड़ौन थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक नाबालिग बालिका को ब्लैकमेल कर उसके फोटो एवं वीडियो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि माकड़ौन निवासी हुसैन अली के विरुद्ध पीड़िता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और पीड़िता के बीच पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से बातचीत होती थी। बाद में पीड़िता द्वारा बातचीत बंद कर देने पर आरोपी ने उसके फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी देकर मिलने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
शिकायत मिलते ही माकड़ौन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार प्रकरण में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा मामले के अन्य पहलुओं की विस्तृत विवेचना जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित