नैनीताल , फरवरी 05 -- उत्तराखंड के भवाली में एक नाबालिग छह महीने की गर्भवती पाई गयी है और इस मामले में पुलिस ने आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को भवाली पुलिस को सीएचसी अस्पताल से एक नाबलिग युवती के छह माह के गर्भवती होने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई। भवाली पुलिस ने नाबालिग के परिजनो से सम्पर्क कर पीड़िता की मां की तहरीर पर भवाली थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की घारा 64 और पोक्सो के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक पुलिस टीम गठित की गयी। पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर गुरुवार को दुष्कर्म के आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया।

श्री मंजूनाथ के अनुसार दुष्कर्म के आरोपी पर कड़ी कार्रवाई के साथ साथ सम्पत्ति के जब्तीकरण की कार्यवाही की जाएगी। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में माहौल खराब करने वालों पर पुलिस की कड़ी निगरानी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित