बैतूल , अप्रैल 30 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण और दुराचार के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि बालिका को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शाहपुर थाना क्षेत्र में पीड़िता की मां की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सतत प्रयासों के आधार पर बालिका की तलाश की।

जांच के दौरान बालिका को रायसेन जिले के ग्राम निमोद से आरोपी गोविन्द करोसिया के कब्जे से बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा दुराचार किए जाने की पुष्टि होने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में पुलिस टीम और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने नागरिकों से बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित