ग्रेटर नोएडा , मई 27 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना पुलिस ने एक नाबालिग की हत्या के सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन वांछित आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बुधवार को आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि 22 मई को जेवर थाना में एक व्यक्ति ने अपने 15 वर्षीय नाबालिग पुत्र के लापता होने की सूचना दी थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन बालक का कोई सुराग नहीं मिला। इस संबंध में जेवर थाना में बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच और वैज्ञानिक व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसी दौरान 22 मई की रात रोही गांव स्थित एक खाली मकान से लापता बालक का शव बरामद हुआ, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों की पहचान नरेश पुत्र सुरेश निवासी ग्राम रोही, थाना जेवर, गौतमबुद्धनगरउमेश कुमार पुत्र रामज्ञा निवासी ग्राम मीरपुर, थाना चिरैया, चंपारण (बिहार),मोहित पुत्र मनोज निवासी ग्राम रोही, थाना जेवर के रुप में की।
आज जेवर थाना पुलिस साबौता अंडरपास के नीचे वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपियों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी नरेश और उमेश घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी मोहित को तलाशी के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले मृतक की दादी ने उन पर बालक को गलत संगत में डालने का आरोप लगाया था। इस बात को लेकर कहासुनी भी हुई थी, जिससे आरोपी नाराज थे। आरोपियों ने बताया कि 21 मई को जब मृतक उनके घर की तरफ आया तो उन्होंने उसे हुक्के में अधिक तंबाकू डालकर पिलाया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल द्वारा कराया गया है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए विसरा जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित