कोंडागांव , मई 04 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में पुलिस ने एक नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को तमिलनाडु से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार गत 11 मार्च को प्रार्थी ने थाना कोंडागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गत नौ मार्च की शाम उसकी 16 वर्षीय पुत्री को एक व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमल के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपील चन्द्रा के मार्गदर्शन में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सतीश भार्गव तथा थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर युवती की लोकेशन तमिलनाडु में मिलने पर पुलिस टीम वहां रवाना की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को आरोपी के कब्जे से बरामद किया और आरोपी विकास मरकाम (19) निवासी जुगानी कलार, थाना फरसगांव, जिला कोंडागांव को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपहरण और दुष्कर्म की घटना को स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को दो मई को विधिवत गिरफ्तार कर तीन मई को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित