हरिद्वार , मार्च 17 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के रुड़की में महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। कोतवाली रुड़की पुलिस ने नाबालिग के अपहरण के मामले में फरार चल रहे आरोपी को मंगलवार को हरियाणा के हिसार से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश कुमार पुत्र शीशपाल निवासी न्यू ऋषि नगर, थाना सिटी हिसार, हरियाणा के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि पिछले साल 24 दिसंबर को पीड़िता के पिता ने नाबालिग पुत्री के अपहरण की शिकायत कोतवाली रुड़की में दर्ज करायी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध, पोक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।

प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक रेखा पाल को सौंपी गई। वहीं, प्रभारी निरीक्षक रुड़की के निर्देश पर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए उपनिरीक्षक ध्वजवीर सिंह पवार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित