मोतिहारी , अक्टूबर 16 -- ोरी के आरोप में पकड़े गए नाबालिगों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद पूर्वी चंपारण के मधुबन में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले में दो नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने भेलवा निवासी जयकिशोर झा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की जांच में घटना मधुबन थाना क्षेत्र की पाई गई। बताया गया कि मधुबन थाना कांड संख्या 353/26 के चोरी के मामले में कुछ लोगों ने आरोपितों को पकड़ा था। उनके पास से कथित तौर पर चोरी के 39 हजार रुपये भी बरामद हुए थे। हालांकि, पुलिस को सौंपने से पहले ही कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति नाबालिग को थप्पड़ मारते और उसके साथ दुर्व्यवहार करते दिखाई दे रहा है।
जांच के दौरान वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान भेलवा निवासी जयकिशोर झा के रूप में हुई। इसके बाद मधुबन थाना कांड संख्या 361/26 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़ीदयाल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चोरी का आरोप किसी को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं देता। ऐसी स्थिति में लोगों को आरोपितों के साथ मारपीट करने के बजाय पुलिस को सूचना देनी चाहिए।पुलिस ने नाबालिगों की पहचान गोपनीय रखते हुए मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित