उज्जैन , मई 11 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले की चिमनगंज थाना पुलिस ने 12 वर्षीय बालिका से अश्लील हरकत करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कल (10 मई) को एक नाबालिक बालिका पड़ोस में रहने वाले नासिर खान के घर बर्तन देने गई थी। इसी दौरान आरोपी ने बुरी नीयत से बालिका को कमरे में बुलाकर दरवाजा बंद कर लिया और उसके साथ अश्लील हरकत की। बालिका ने साहस दिखाते हुए आरोपी को धक्का देकर वहां से भागकर अपने घर पहुंचकर घटना की जानकारी अपनी मां को दी।
परिजनों की शिकायत पर चिमनगंज थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं एवं यौन अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉस्को एक्ट) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी नासिर खान को शिवशक्ति नगर, नंबर 05 नाका से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित