मुंबई , सितंबर 21 -- दक्षिण भारतीय अभिनेता नानी ने अपनी आगामी फिल्म 'द पैराडाइज' में राघव जुयाल के साथ काम करने का अनुभव साझा करते हुए कहा कि वह फिल्म 'किल' से ही राघव की प्रतिभा के प्रशंसक रहे हैं और उन्हें इस फिल्म में कास्ट किए जाने की खबर बेहद पसंद आई थी।नानी ने बताया कि उन्होंने 'किल' में राघव के अभिनय को काफी पसंद किया था और अपने दोस्तों तथा कजिन्स के साथ करीब एक घंटे तक उनकी परफॉर्मेंस की बारीकियों पर चर्चा की थी। उन्होंने कहा कि 'किल' की सफलता में राघव के योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

नानी ने बताया कि उन्होंने निर्देशक श्रीकांत ओडेला से कभी राघव के प्रति अपनी प्रशंसा का जिक्र नहीं किया था। ऐसे में जब श्रीकांत ने 'द पैराडाइज' की कहानी सुनाते हुए एंटागोनिस्ट के लिए राघव को "किल वाला विलेन, परफेक्ट कास्टिंग" बताया, तो वह काफी उत्साहित हो गए।

हालांकि, नानी के मन में यह सवाल था कि राघव की खास अभिनय शैली तेलुगु भाषा में किस तरह नजर आएगी। उनका मानना था कि किसी दूसरी भाषा में काम करते समय कलाकार के लिए सहजता और अभिनय की छोटी-छोटी बारीकियों को बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

नानी ने कहा कि शूटिंग शुरू होने के बाद उनकी यह चिंता पूरी तरह दूर हो गई। राघव ने सिर्फ तेलुगु संवादों को याद कर उन्हें प्रस्तुत नहीं किया, बल्कि लगातार अपने किरदार और दृश्यों पर काम करते हुए उसमें नई परतें जोड़ते रहे। नानी के अनुसार, राघव ने इस किरदार में 'किल' में किए गए अपने काम से भी कहीं ज्यादा किया।

श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी 'द पैराडाइज' राघव जुयाल की तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में शुरुआत है। फिल्म में वह एक अलग तरह के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म 24 सितंबर 2026 को रिलीज होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित