रुद्रपुर , अगस्त 07 -- उत्तराखंड की ऊधम सिंह नगर पुलिस ने नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ लूट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य के सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत पांच अगस्त को नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर उसका पर्स और नकदी लूट ली गई थी। साथ ही अप्राकृतिक कृत्य भी किया गया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गये थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम का गठन किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के अनुसार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार रात को नानकमत्ता के प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम की ओर से मुख्य आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी बेरीघाट, खटीमा की तलाश में जांच अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान मच्छी झाला के पास डैम बंधे पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन उसने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की।
पुलिस ने आरोपी का पीछा किया। करीब दो किलोमीटर आगे गलाबाग के पास कच्चे रास्ते में उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई, जिसके बाद वह झाड़ियों की आड़ लेकर दोबारा पुलिस पर फायरिंग करने लगा। चेतावनी के बावजूद आरोपी ने समर्पण नहीं किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों दीपक सिंह निवासी झनकट और मनोज भाटिया निवासी बानूसी के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में शामिल दोनों अन्य आरोपी दीपक सिंह और मनोज भाटिया को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। गुरप्रीत सिंह की गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 317(2), 3(5) तथा शस्त्र अधिनियम (आर्म्स एक्ट) की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है।
आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस तथा लूटा हुआ सामान भी बरामद किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित