रूद्रपुर , सितंबर 04 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले की नानकमत्ता पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 39 लाख रुपए मूल्य की स्मैक के साथ शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक तमंचा भी बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नानकमत्ता पुलिस ने आरोपी को गुरुवार को ऑपरेशन प्रहार के तहत डैम पार क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि नानकमत्ता पुलिस टीम कोतवाल संजय पाठक और उपनिरीक्षक नवल किशोर के नेतृत्व में डैम पार, ग्राम गिधौर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान गुरदेव सिंह उर्फ टैटू निवासी ग्राम गिधौर, कोतवाली नानकमत्ता को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 130.04 ग्राम स्मैक के अलावा 315 बोर का अवैध तमंचा, एक कारतूस, इलेक्ट्रॉनिक तराजू तथा मोटरसाइकिल (नंबर यूके 06 बीके -7715) भी बरामद हुई। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 39 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपी के खिलाफ कोतवाली नानकमत्ता में मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 8/21/60 तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से इतनी बड़ी मात्रा में स्मैक की खरीद-फरोख्त एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित