रूद्रपुर , अप्रैल 16 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में गुरुवार को आबकारी विभाग ने कच्ची शराब माफियाओं के खिलाफ जोरदार कार्रवाई करते हुए कई भट्टियों को ध्वस्त कर दिया जबकि भारी मात्रा में शराब और कच्चा माल नष्ट किया।

आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट के अनुसार, नानकमत्ता और खटीमा के जंगलों में यह कार्यवाही की गई। नानकमत्ता के बिछुआ गांव के जंगलों में छापेमारी के दौरान अवैध शराब बनती हुई पाई गई। मौके पर ही तीन अवैध भट्टियों को तोड़ दिया गया। इसके साथ ही टीम ने 95 लीटर अवैध शराब जब्त की और करीब 4,500 किलोग्राम लहान (शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला सड़ा मिश्रण) नष्ट कर दिया। शराब निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण भी कब्जे में लिए गए।

इस मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही शराब माफिया मौके से फरार हो गए, लेकिन उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

आबकारी विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगलों या आसपास के क्षेत्रों में किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

विभाग ने चेतावनी भी जारी की है कि अवैध कच्ची शराब का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक और जानलेवा हो सकता है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित