पिथौरागढ़ , अप्रैल 29 -- उत्तराखंड में पिथौरागढ़ जिले के जाजरदेवल में बुधवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां रिश्तों को शर्मसार करते हुए एक नातिनी ने ही अपने प्रेमी के साथ साजिश रच अपनी दादी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

पिथौरागढ़ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीसाबजेड़ निवासी एक महिला ने 28 अप्रैल को थाना जाजरदेवल में तहरीर देकर बताया कि उनकी अलमारी से सोने के कीमती जेवर-मंगलसूत्र, झुमके, नथ और मांग टीका चोरी हो गए हैं। जाजरदेवल थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

थाना प्रभारी मनोज पाण्डेय की अगुवाई में एक टीम गठित की गई। जांच में शक महिला की नातिनी अंजलि पर गया।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर अंजलि को सातसिलिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अंजलि ने स्वीकार किया कि उसने अपने प्रेमी अमित बोरा निवासी श्रीपुर बिछुवा, खटीमा के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची। दोनों पिछले एक वर्ष से एक-दूसरे को जानते हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए गहनों को बेचकर दोनों ने एक पुरानी अल्टो कार खरीदी। पुलिस ने उक्त वाहन को भी बरामद कर लिया है। साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित