कीव , जुलाई 06 -- तुर्किये में होने वाले नाटो शिखर सम्मेलन से पहले सोमवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस ने मिसाइल एवं ड्रोन का बड़ा हमला किया, जिसमें कम से कम 18 लोगों की मौत हो गयी और 60 अन्य घायल हो गये।

अधिकारियों के अनुसार रातभर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन हमलों से राजधानी के कई इलाके दहल उठे। हमलों में अनेक आवासीय इमारतें क्षतिग्रस्त हो गयीं और कई लोग मलबे में फंस गये।

शहर प्रशासन ने बताया कि कीव में कम से कम 15 तथा आसपास के क्षेत्रों में तीन लोगों की मौत हुई है। बचाव दल ने मलबे से एक ही परिवार के सभी सदस्यों सहित कई शव निकाले हैं। राजधानी की सड़कों पर कई वाहन जलते हुए देखे गये।

इस बीच, श्री जेलेंस्की ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से टेलीफोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने मौजूदा कूटनीतिक प्रयासों, रूस पर शांति के लिए दबाव बढ़ाने तथा प्रमुख साझेदारों के साथ निकट समन्वय बनाये रखने पर चर्चा की।

कीव के मेयर विताली क्लिट्स्को ने कहा कि शहर के चार जिले प्रभावित हुए हैं, जिनमें पोदिल्स्की जिला सबसे अधिक प्रभावित है। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान जारी है और आपातकालीन दलों ने क्षतिग्रस्त इमारतों की ऊपरी मंजिलों से बच्चों सहित कई लोगों को सुरक्षित निकाला है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने हमले से कुछ समय पहले "एक नये बड़े हमले" की चेतावनी दी थी। उन्होंने बताया कि रूस ने रात में 68 मिसाइलें और 351 हमलावर ड्रोन दागे।

श्री जेलेंस्की ने कहा कि राजधानी में 10 से अधिक स्थानों पर क्षति हुई है, जिनमें आवासीय इमारतें भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि राहत एवं बचाव दल अब तक दो बच्चों सहित 64 लोगों को सुरक्षित निकाल चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमले में 11 लोगों की मौत हुई थी, जबकि बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हो गयी।

उन्होंने कहा कि कीव क्षेत्र में 16 लोग घायल हुए और तीन लोगों की मौत हुई। हमले के बाद राहत कार्यों के लिए 400 से अधिक आपदा राहतकर्मियों और पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

श्री जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेनी सेना ने बड़ी संख्या में ड्रोन और क्रूज़ मिसाइलों को मार गिराया, लेकिन इंटरसेप्टर मिसाइलों की कमी के कारण बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकना संभव नहीं हो सका।

उन्होंने कहा कि यह अत्यंत आवश्यक है कि अमेरिका और यूरोपीय सहयोगी अंकारा में होने वाले नाटो शिखर सम्मेलन में यूक्रेन की वायु रक्षा को मजबूत करने के संबंध में ठोस निर्णय लें। उन्होंने कहा कि जब तक सहयोगी देशों के पास पैट्रियट मिसाइलें उपलब्ध होने के बावजूद उन्हें नहीं दिया जाएगा, तब तक रूस को रिहायशी क्षेत्रों पर हमले जारी रखने का प्रोत्साहन मिलता रहेगा।

श्री ज़ेलेंस्की ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "यह पुतिन के लिए आम बात है। अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस के ठीक बाद और नाटो समिट से पहले (हमला करना)।"इस बीच, यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि पूरे देश में सैकड़ों ड्रोन और दर्जनों मिसाइलें दागी गयीं, जिनका मुख्य लक्ष्य कीव था। उसके अनुसार 29 बैलिस्टिक मिसाइलें और 18 ड्रोन 34 स्थानों पर गिरे, जबकि कुल 66 मिसाइलें और 350 से अधिक ड्रोन छोड़े गये। यूक्रेन के बिजली ग्रिड संचालक ने बताया कि कीव, सूमी, खारकीव और निप्रोपेत्रोव्स्क सहित कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है।

उधर, रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने यूक्रेन के सैन्य-औद्योगिक और ऊर्जा ढांचे पर लंबी दूरी के उच्च सटीकता वाले हमले किये। मंत्रालय के अनुसार यह कार्रवाई रूस के क्षेत्र पर यूक्रेनी हमलों के जवाब में की गयी।

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब तुर्किये में होने वाले नाटो शिखर सम्मेलन में यूक्रेन युद्ध प्रमुख मुद्दा रहने की संभावना है। सम्मेलन के इतर श्री ट्रंप और श्री जेलेंस्की की मुलाकात भी प्रस्तावित है।

श्री जेलेंस्की ने एक बार फिर सहयोगी देशों से अतिरिक्त वायु रक्षा प्रणालियां उपलब्ध कराने की अपील करते हुए कहा कि इंटरसेप्टर मिसाइलों की कमी ने यूक्रेन की जवाबी क्षमता को सीमित कर दिया है।

इस दौरान श्री जेलेंस्की ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से टेलीफोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने मौजूदा कूटनीतिक प्रयासों, रूस पर शांति के लिए दबाव बढ़ाने तथा प्रमुख साझेदारों के साथ निकट समन्वय बनाये रखने पर चर्चा की।

श्री जेलेंस्की ने कहा कि यूरोप को कूटनीतिक प्रक्रिया में प्रभावी भूमिका निभानी चाहिये। उन्होंने श्री मैक्रों को युद्धक्षेत्र की स्थिति और प्रमुख सुरक्षा चुनौतियों से अवगत कराते हुए कहा कि रूस यूक्रेन के शहरों और गांवों पर लगातार मिसाइल एवं ड्रोन हमले कर रहा है। दोनों नेताओं ने इन हमलों का मुकाबला करने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अतिरिक्त वायु रक्षा प्रणालियों की आवश्यकता पर भी चर्चा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित