ब्रुसेल्स , मई 29 -- उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के महासचिव मार्क रूटे ने रोमानिया की सुरक्षा और संप्रभुता का पूरा समर्थन करते हुए कहा है कि नाटो रोमानिया के साथ दृढ़ता से खड़ा है।

गौरतलब है कि उनका यह बयान पूर्वी यूरोप में बढ़ते सुरक्षा खतरों और रूस के साथ जारी तनाव के बीच आया है। उन्होंने यह बात तब कही जब शुक्रवार तड़के देश के दक्षिणी-पूर्वी हिस्से गलाती शहर में एक रूसी ड्रोन घुस आया, जो एक रिहायशी इमारत से टकराकर गिर गया और दो लोगों को घायल कर गया।

श्री रुटे ने सोशल मीडिया पर कहा कि उन्होंने रोमानिया के राष्ट्रपति निकुसोर डैन से बात की और उन्हें रोमानिया के साथ नाटो की एकजुटता का आश्वासन दिया।

श्री रुटे ने कहा, "मैंने इस बात की पुष्टि की कि नाटो अपने सहयोगी देशों के क्षेत्र के हरेक इंच की रक्षा करने को तत्पर है। हम ड्रोन सहित किसी भी खतरे को रोकने और उससे बचाव के लिए अपनी तैयारी को लगातार बढ़ाते रहेंगे।"रूसी ड्रोन से दो लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि अन्य लोगों को वहां से सुरक्षित निकाल लिया गया। डेन्यूब नदी के किनारे स्थित गलाती शहर मोल्दोवा और यूक्रेन की सीमाओं के करीब है। श्री रुटे ने इस घुसपैठ के लिए रूस को दोषी ठहराते हुए कहा कि उस देश का 'लापरवाह रवैया' हम सभी के लिए एक खतरा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित