भुवनेश्वर , नवंबर 25 -- ओडिशा में गंजम जिले के कौडिया गांव में कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर आयोजित रामायण के मंचन के दौरान भगवान हनुमान का किरदार निभा रहे 38 वर्षीय कलाकार मंच पर ही गिर पड़े जिनकी बाद में अस्पताल में मौत हो गयी।

प्राप्त जानकारी के मंगलवार की देर शाम सैकड़ों दर्शकों के सामने नाटक का मंचन चल रहा था तभी यह घटना घटी। अन्य कलाकार और आयोजक उन्हें तुरंत अदापाडा अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मिथुन प्रधान के रूप में हुई है। इस अचानक हुई घटना के बाद कार्यक्रम तुरंत रोक दिया गया, जिससे दर्शक और उनके साथी कलाकार स्तब्ध रह गये।

माना जा रहा है कि कलाकर की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है, हालांकि मौत के सही कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी की जा सकी है।

इस घटना से पूरे गांव में शोक छा गया और उत्सव का माहौल मातम में बदल गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित