जयपुर , दिसंबर 15 -- राजस्थान में नागौर पुलिस ने 86 हजार 500 रुपए मूल्य के जाली नोट बरामद कर इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार नागौर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार पुलिस टीम ने एक सूचना पर यह कार्रवाई की। सोमवार को पुलिस टीम ने जयपुर पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर वीर तेजा कॉलोनी में दबिश दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अजय सिंह, अशोक और जगदीश कॉलोनी में बैठे हैं और उनके पास जाली भारतीय मुद्रा है, जिसे वे बाजार में चलाने की फिराक में हैं।
आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 500-500 रुपये के 173 जाली नोट बरामद किए गए, जिनका मूल्य 86 हजार 500 है। गिरफ्तार अभियुक्त अजय सिंह (36) एफसीआई गोदाम के पास और अशोक जाट (23) एवं जगदीश जाट (26) वीर तेजा कॉलोनी थाना कोतवाली नागौर के रहने वाले हैं।
तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित