जयपुर , अप्रैल 18 -- राजस्थान में नागौर जिले में अवैध नशीले पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन संकल्प- नशा मुक्त नागौर अभियान के तहत पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा तस्कर का एक करोड़ रुपए के मकान को फ्रीज कर दिया है।
जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के अनुसार कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय नशा तस्कर द्वारा तस्करी की काली कमाई से अर्जित मकान को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत फ्रीज किया है। फ्रीज किए गए इस मकान की बाजार कीमत एक करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है।
श्री मीणा ने बताया कि पुलिस की जांच में सामने आया कि तस्कर गोविन्द राम उर्फ गोविन्द जाट निवासी बाराणी ने मादक पदार्थों की तस्करी से भारी मुनाफा कमाया और उस अवैध आय से अपनी पत्नी मूली देवी के नाम पर डीडवाना-बीकानेर बाईपास स्थित स्टार सिटी में दो प्लॉट खरीदकर उन पर एक आलीशान आवासीय मकान निर्मित किया।
अभियुक्त के विरुद्ध राजस्थान के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के चार गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाकर यह सिद्ध किया कि यह संपत्ति पूरी तरह नशे के कारोबार से अर्जित की गई थी। थानाधिकारी कोतवाली नागौर द्वारा इस संपत्ति को फ्रीज करने का प्रस्ताव सक्षम प्राधिकार दिल्ली को भिजवाया गया था। मामले की गहन जांच और सुनवाई के बाद, सक्षम प्राधिकारी ने गत 17 अप्रैल को फ्रीजिंग के आदेश दिए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित