बेंगलुरु , अगस्त 10 -- कर्नाटक में खेल मंत्री बी. नागेंद्र को राज्य मंत्रिमंडल में दोबारा शामिल किये जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कांग्रेस सरकार पर हमला तेज कर दिया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि नागेंद्र ने मंत्रिमंडल में वापसी के लिए कांग्रेस नेतृत्व पर दबाव बनाया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने आरोप लगाया कि श्री नागेंद्र ने कांग्रेस आलाकमान को धमकी दी थी कि यदि उन्हें फिर से मंत्री नहीं बनाया गया तो वह मीडिया के माध्यम से "सच्चाई" सामने ला देंगे। उन्होंने सवाल किया कि अनुसूचित जनजातियों के लिए निर्धारित धनराशि के कथित दुरुपयोग से जुड़े गंभीर आरोपों की जांच जारी रहने के बावजूद नागेंद्र को मंत्रिमंडल में कैसे शामिल किया जा सकता है।

श्री येदियुरप्पा ने कहा कि भाजपा नागेंद्र के मंत्रिमंडल में बने रहने का विरोध करेगी और विधानसभा के भीतर तथा बाहर अपना अभियान तेज करेगी। उन्होंने कहा, "गंभीर भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे किसी व्यक्ति को मंत्रिमंडल में वापस शामिल किया जाना अनुसूचित जनजाति समुदाय के साथ अन्याय है।" उन्होंने मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के विभागों के बंटवारे को लेकर दिल्ली में रहने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में प्रभावी प्रशासन के लिए मुख्यमंत्री का बेंगलुरु में रहना जरूरी है, विशेषकर सूखे जैसी परिस्थितियों के बीच। उन्होंने श्री शिवकुमार से दिल्ली में विभागों के बंटवारे की कवायद लंबी खींचने के बजाय बेंगलुरु लौटकर इसे अंतिम रूप देने की मांग की।

इस बीच, विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने आरोप लगाया कि श्री नागेंद्र ने श्री सिद्दारमैया और श्री डी.के. शिवकुमार को कथित तौर पर धमकाया, जिसके दबाव में कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें मंत्रिमंडल में वापस लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित