दीमापुर , मार्च 22 -- नागालैंड के मोकोकचुंग जिले के कोरिडांग विधानसभा क्षेत्र में नौ अप्रैल को होने वाले उपचुनाव में बहुकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस, नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) और तीन अन्य उम्मीदवारों ने इस सीट पर अपनी दावेदारी घोषित कर दी है।

जहां भाजपा ने पूर्व विधायक इमकोंग एल इमचेन के पुत्र दाओचियर आई इमचेन को मैदान में उतारा है, वहीं कांग्रेस ने टी चालुकुम्बा आओ को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। एनपीपी ने आई अबेनजांग को अपना प्रत्याशी बनाया है, जबकि तीन अन्य उम्मीदवार इम्तीवापांग, इमचातोबा इमचेन और सेनानिवृत मेजर तोशिकाबा भी चुनावी मैदान में होंगे। कोरिडांग सीट पर कुल 22,390 मतदाता हैं।

नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 23 मार्च है। नामांकन पत्रों की जांच 24 मार्च को होगी और उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 26 मार्च है। इस चुनाव क्षेत्र में उपचुनाव पिछले साल नवंबर में मौजूदा विधायक इमकोंग एल इमचेन के निधन के बाद जरूरी हो गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित