दीमापुर , मई 31 -- नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने मणिपुर में अगवा किये गये छह नागा लोगों का पता लगाने और उनकी सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित करने के लिये केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय गृह सचिव और खुफिया ब्यूरो (आईबी) के निदेशक के साथ फोन पर बातचीत की और उनसे तत्काल हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया।

श्री रियो ने उनसे अपहरण के लिये जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों ने इस मामले को उच्च प्राथमिकता दी है।

मुख्यमंत्री ने 30 मई को लिखे एक पत्र में यूनाइटेड नागा काउंसिल (यूएनसी) के अध्यक्ष एन जी लोहरी को इस घटनाक्रम और अगवा किये गये व्यक्तियों की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित करने के लिये नागालैंड सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों से अवगत कराया, जिसने पूरे क्षेत्र में नागाओं के बीच व्यापक चिंता और रोष पैदा कर दिया है।

श्री रियो ने कहा कि उन्होंने 29 मई को अमित शाह के साथ फोन पर बातचीत की थी और इस घटना पर नागा समुदाय की गहरी चिंता से अवगत कराया।

बातचीत के दौरान, उन्होंने श्री शाह से व्यक्तिगत हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया और आग्रह किया कि अगवा किये गये व्यक्तियों का पता लगाने, दोषियों को न्याय के कठघरे में लाने और जल्द से जल्द छहों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिये केन्द्र सरकार हर संभव प्रयास करे।

श्री रियो ने जानकारी दी कि श्री शाह ने उन्हें आश्वासन दिया है कि इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जायेगी और अगवा किये गये व्यक्तियों का पता लगाने, अपहरण के लिये जिम्मेदार लोगों की पहचान करने तथा कानून के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिये संबंधित एजेंसियों द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाये जायेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित