जयपुर , जून 19 -- राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने शुक्रवार को यहां राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम के नए प्रतीक चिह्न (लोगो) का अनावरण किया।
श्री नागर ने इसके लिए निगम को बधाई दी और कहा कि यह प्रतीक चिह्न स्वच्छ, हरित एवं सतत् ऊर्जा के क्षेत्र में राजस्थान की उपलब्धियों को प्रदर्शित करता है। साथ ही राजस्थान को अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनाए रखने के मजबूत संकल्प को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राजस्थान अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। विगत ढ़ाई वर्ष में प्रदेश की स्थापित अक्षय ऊर्जा क्षमता में 24 गीगावाट से अधिक की बढ़ोतरी हुई है।
इस अवसर पर राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक रोहित गुप्ता ने बताया कि बदलते समय के साथ विकेन्द्रित सौर ऊर्जा, ऊर्जा संरक्षण, पम्प स्टोरेज, ग्रीन हाइड्रोजन, कम्प्रेस्ड बॉयो गैस जैसे नवीन स्रोत भी अक्षय ऊर्जा में सम्मिलित हो गए हैं। इसके चलते लोगो को नया रूप देना जरूरी समझा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित