नयी दिल्ली , जून 02 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को परिवहन विभाग से संबंधित विभिन्न स्थलों का व्यापक निरीक्षण कर नागरिक सुविधाओं, बुनियादी ढांचे और सेवा गुणवत्ता का जायजा लिया।
श्रीमती गुप्ता ने इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन, जिला परिवहन कार्यालय, वाहन निरीक्षण इकाई और हेवी मोटर व्हीकल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का दौरा किया। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य केवल सरकारी भवनों का निर्माण करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्थाएं विकसित करना है जो नागरिकों को सम्मानजनक, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं प्रदान करें। परिवहन विभाग से प्रतिदिन हजारों नागरिक जुड़े होते हैं इसलिए यहां की प्रत्येक सुविधा नागरिक-केंद्रित होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने डीटीओ कार्यालय का भी दौरा किया और ड्राइविंग लाइसेंस परीक्षण के लिए आए नागरिकों से सीधे संवाद किया। बातचीत के दौरान कई लोगों ने बताया कि उन्हें लंबे समय तक भवन के बाहर प्रतीक्षा करनी पड़ती है। बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, साफ पीने का पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी नागरिक को अनावश्यक रूप से भवन के बाहर प्रतीक्षा करने के लिए बाध्य न किया जाए। उन्होंने तत्काल प्रभाव से सभी आवेदकों को भवन के भीतर बैठने की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जो नागरिक सरकारी सेवाएं प्राप्त करने आते हैं, वे सम्मानजनक व्यवहार और बेहतर सुविधाओं के अधिकारी हैं। सरकारी सेवाओं के लिए आने वाले लोगों को भीषण गर्मी में बुनियादी सुविधाओं के अभाव में प्रतीक्षा करवाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्याप्त क्षमता वाला आधुनिक प्रतीक्षालय विकसित किया जाए, जहां बैठने की समुचित व्यवस्था, पीने के साफ एवं ठंडे पानी, पंखे, कूलर, स्वच्छ शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।
मुख्यमंत्री ने वर्तमान वाहन निरीक्षण इकाई का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि इकाई कार्यरत है लेकिन वहां उपयोग की जा रही कई संरचनाएं और सुविधाएं काफी पुरानी हो चुकी हैं। इस पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वाहन निरीक्षण प्रणाली को नवीनतम तकनीकों के अनुरूप उन्नत किया जाए ताकि फिटनेस परीक्षण अधिक वैज्ञानिक, पारदर्शी और प्रभावी बन सके।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार परिवहन क्षेत्र में व्यापक सुधारों के लिए प्रतिबद्ध है। आधुनिक परीक्षण केंद्र, बेहतर प्रशिक्षण संस्थान, नागरिक-अनुकूल कार्यालय और तकनीक आधारित सेवाएं इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। दिल्ली के नागरिकों को ऐसी परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी जो पारदर्शी, सुविधाजनक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय हों।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित