मुंबई , अप्रैल 09 -- अभिनेता ऋषभ साहनी फिल्म नागबंधम में डबल रोल निभाते नजर आयेंगे।

फाइटर से मशहूर हुए ऋषभ साहनी अब अपनी अगली बड़ी फिल्म नागबंधम में धमाका करने के लिए तैयार हैं, जो समर 2026 में रिलीज़ होने वाली है। फाइटर में अज़हर अख्तर के रूप में अपनी दमदार शुरुआत के बाद, ऋषभ अब एक नए और चुनौतीपूर्ण किरदार में नजर आएंगे। इस बार वे अहमद शाह अब्दाली के तीव्र और प्रभावशाली किरदार को निभाते हुए नजर आएंगे।

फाइटर में अज़हर अख्तर के रूप में ऋषभ का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। उन्होंने हाई-ऑक्टेन एक्शन और जटिल किरदार को बखूबी निभाते हुए अपने डेब्यू को बड़ी सफलता में बदल दिया। इस भूमिका ने उनके करियर के लिए एक मजबूत नींव रखी और यह साबित किया कि वे गहराई वाले किरदार निभाने में सक्षम हैं।

अब नागबंधम, जो इतिहास और आधुनिक ट्विस्ट का अनोखा मिश्रण है, में ऋषभ साहनी अहमद शाह अब्दाली के रूप में एक क्रूर और अजेय शक्ति का प्रतिनिधित्व करेंगे। खास बात यह है कि फिल्म में उनका डबल रोल होगा, जहां अब्दाली का किरदार पुनर्जन्म लेकर एक स्टाइलिश और आधुनिक अवतार में भी दिखाई देगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित