नागपुर , सितंबर 04 -- महाराष्ट्र में नागपुर के मनकापुर इलाके में डांस क्लास जाने को लेकर हुए घरेलू झगड़े के बाद पति की कथित तौर पर मारपीट के बाद एक महिला की मौत हो गयी है।
मृतक महिला की पहचान ज़िंगाबाई टाकली के गोविंद शहर की रहने वाली यामिनी कृष्णा लाल यादव के तौर पर हुई है। गर्दन और पेट में तेज़ दर्द की शिकायत के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार यह घटना यामिनी और उनके पति कृष्णा लाल यादव (41) के बीच घर के कामों और डांस क्लास में जाने के को लेकर हुई बहस के बाद हुई। कथित तौर पर यह झगड़ा ज्यादा बढ़ गया और आरोपी ने घर पर ही उनके साथ मारपीट की।
पुलिस ने महिला की मौत के बाद दुर्घटना से मौत का मामला दर्ज किया और पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट के मुताबिक पोस्टमार्टम में गंभीर अंदरूनी चोटें पाई गईं जिनमें गर्दन की हड्डी टूटना और अंदरूनी अंगों को नुकसान पहुँचना शामिल है।
मेडिकल रिपोर्ट और उसके बाद हुई जांच के आधार पर मनकापुर पुलिस ने कृष्णा लाल यादव को गिरफ़्तार कर लिया और उसके ख़िलाफ़ हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित