नागपुर , मार्च 01 -- महाराष्ट्र में नागपुर जिले के कटोल में रविवार को विस्फोटक सामग्री बनाने वाली एक फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और 24 अन्य घायल हो गए। जिनमें से कई की हालत गंभीर है।
अधिकारियों ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि यह घटना कटोल तहसील के राउलगांव गांव में स्थित खनन और औद्योगिक विस्फोटक सामग्री बनाने वाली कंपनी एसबीएल एनर्जी लिमिटेड की डेटोनेटर पैकिंग इकाई में हुई।
अधिकारियों ने कहा कि तेज धमाके के कारण कई शव बुरी तरह जल गए, जिससे पहचान करना बहुत मुश्किल हो गया। शवों की पहचान करने के लिए अधिकारियों ने मृतकों के रिश्तेदारों से डीएनए सैंपल इकट्ठा करना शुरू कर दिया है।
यह घटना आज सुबह सात बजे से 7:15 बजे के बीच हुयी। बचाव दल को तुरंत मौके पर भेजा गया और घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पतालों में ले जाया गया।
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के लोगों के साथ मौके पर पहुँचे और बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया।
इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने धमाके के कारणों की विस्तृत जाँच के आदेश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित