नागपुर , जून 29 -- महाराष्ट्र के नागपुर में सोमवार को गीतांजलि टॉकीज़ के पास एक इमारत का हिस्सा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और वहां खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार इमारत के भूतल और पहली मंज़िल पर वाणिज्यिक प्रतिष्ठान और कार्यालय थे, दूसरी मंज़िल पर लोग रहते थे जबकि तीसरी मंज़िल खाली थी। इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया जिससे मलबा सड़क पर और वहां खड़ी कई कारों और मोटरसाइकिलों पर गिर गया।

पुलिस, अग्निशमन विभाग के कर्मचारी और अन्य आपातकालीन टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव एवं मलबा हटाने का काम शुरू किया गया और मलबे के नीचे दबे एक व्यक्ति को निकालकर मेयो अस्पताल ले जाया गया।

हालांकि, डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान संतोष छोटेलाल गौर (52) के रूप में हुई है।

अधिकारियों ने कहा कि इमारत गिरने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है, साथ ही घटना में हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित