नागपुर , मार्च 02 -- महाराष्ट्र के नागपुर जिले में एक विस्फोटक निर्माण कंपनी के कारखाने में हुए भीषण विस्फोट में 19 लोगों की मौत की घटना के बाद पुलिस ने कंपनी के नौ निदेशकों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या के आरोप में एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के 21 निदेशकों और शेयरधारकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि अब तक नौ निदेशकों को हिरासत में लिया गया है।
घटना के बाद नागपुर के पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने स्थिति की समीक्षा के लिए संभागीय आयुक्त कार्यालय में एक उच्च स्तरीय बैठक बुलायी। बैठक के बाद उन्होंने बताया कि कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गयी। उन्होंने यह भी बताया कि इसकी विस्तृत जांच नागपुर की संभागीय आयुक्त विजयलक्ष्मी बिदरी करेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित