नागपुर , जुलाई 10 -- महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता ने सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान में मौजूद गैंगस्टर शहज़ाद भट्टी के नेटवर्क से संपर्क बनाने के आरोप में 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। यह जानकारी अधिकारियों ने शुक्रवार को दी।
एटीएस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए संदिग्धों में नागपुर के चार, चंद्रपुर के तीन और गोंदिया, गढ़चिरौली एवं वर्धा ज़िलों के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। इन्हें गुरुवार रात हिरासत में लिया गया।
हिरासत में लिए गए लोगों पर सोशल मीडिया के माध्यम पाकिस्तान स्थित संगठित अपराध गिरोह के सदस्यों से बातचीत करने का संदेह है। पाकिस्तान में शहज़ाद भट्टी और राणा उनाइन के गिरोह संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल हैं।
ये गिरोह पाकिस्तान के सिंध, कराची एवं लाहौर में सक्रिय हैं। जानकारी के अनुसार विदर्भ इलाके के इन 10 लोगों ने सोशल मीडिया पर शहज़ाद भट्टी को मैसेज भेजे थे।
शुरुआती जांच से पता चला है कि गिरोह ने कथित रूप से संदिग्धों से ऑनलाइन संपर्क किया, उनका भरोसा जीता और उन्हें ऑनलाइन माध्यमों से पैसे के बदले छोटे-छोटे काम सौंपे।
जांचकर्ता इन कामों एवं वित्तीय लेन-देन की प्रकृति की जांच कर रहे हैं और यह भी पता लगा रहे हैं कि क्या इन गतिविधियों का देश-विरोधी या आतंकवादी गतिविधियों से कोई संबंध था।
एटीएस डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अपराधी नेटवर्क के साथ उनका कितना गहरा संबंध है। वह उनके बीच हुई बातचीत की भी जांच कर रही है।
अधिकारियों ने जांच का हवाला देते हुए संदिग्धों की पहचान या उन्हें हिरासत में लिए जाने की सटीक जगहों का खुलासा नहीं किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित