अमृतसर , अगस्त 13 -- श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने नांदेड़ स्थित गुरुद्वारा माता साहिब देवन जी परिसर में गुरुवार को शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है।

जत्थेदार ने कहा कि देश-विदेश से सिख श्रद्धालु गुरुद्वारों में नतमस्तक होने और सर्वजन के कल्याण की अरदास करने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे पवित्र स्थान पर इस प्रकार की घटना का होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि श्री बादल अपने परिवार के साथ सिख श्रद्धालु के रूप में तख्त सचखंड श्री हजूर अचलनगर साहिब, नांदेड़ में सिख धार्मिक स्थलों के दर्शन करने पहुंचे थे। इससे पहले सुबह सिंह साहिबान और तख्त श्री हजूर साहिब के प्रबंधन ने उन्हें उचित सम्मान और सत्कार दिया था, लेकिन गुरुद्वारा माता साहिब देवन जी परिसर में एक शरारती व्यक्ति का उन पर हमला किया जाना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना न केवल गुरुद्वारों की गरिमा और पवित्रता को ठेस पहुंचाती है, बल्कि इससे समूचे सिख समुदाय की छवि को भी गंभीर नुकसान पहुंचता है।

जत्थेदार ने कहा कि गुरु का सच्चा सिख किसी ऐसे सिख पर हमला नहीं कर सकता, जो गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होने के लिए आया हो। उन्होंने कहा कि ऐसा कृत्य करने वाला व्यक्ति सिख नहीं हो सकता।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित