चंडीगढ़ , अगस्त 23 -- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि नांगल चौधरी क्षेत्र आने वाले समय में देश की बड़ी आर्थिक राजधानियों में शामिल होगा।
श्री सैनी ने रविवार को इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब के रेल संपर्क के शुभारंभ समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के दृष्टिकोण और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयासों से इस परियोजना की मजबूत नींव रखी गई थी, जो अब साकार हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निजी क्षेत्र के कई बड़े निवेशक परियोजना में रुचि दिखा रहे हैं। इससे क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव और महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव मौजूद रहे।
श्री सैनी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले चंडीगढ़ से नांगल चौधरी पहुंचने में करीब 10 घंटे लगते थे लेकिन आधुनिक एक्सप्रेसवे के निर्माण से यात्रा का समय काफी कम हुआ है। उन्होंने कहा कि हरियाणा का प्रत्येक जिला चार लेन और ग्रीन कॉरिडोर एक्सप्रेसवे से जुड़ चुका है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने उद्योग स्थापित करने से पहले विश्वस्तरीय परिवहन व्यवस्था तैयार की है, ताकि महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और आसपास के किसानों, व्यापारियों व उद्योगपतियों का सामान मुंबई बंदरगाह के जरिए तेजी से वैश्विक बाजारों तक पहुंच सके। यह परियोजना हरियाणा और राजस्थान दोनों के आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता अब उनके झूठे दावों और भ्रमजाल में नहीं फंसेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर उन्होंने बताया कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग के अनुरूप महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज कोरियावास शुरू हो चुका है, जहां एमबीबीएस की कक्षाएं चल रही हैं। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे के पूर्ण विकास के साथ यह क्षेत्र औद्योगिक प्रगति और समृद्धि का नया केंद्र बनेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित