चंडीगढ़ , अगस्त 23 -- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 'विकसित भारत' का सपना साकार हो रहा है और हरियाणा का हर जिला एक्सप्रेसवे व आधुनिक परिवहन नेटवर्क से जुड़ रहा है। नांगल चौधरी आने वाले वर्षों में देश की प्रमुख आर्थिक राजधानियों में से एक के रूप में उभरेगा।

श्री सैनी नांगल चौधरी क्षेत्र में एकीकृत मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक्स हब के लिए रेल संपर्क के उद्घाटन समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस परियोजना की नींव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' के विजन और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के प्रयासों से रखी गयी थी, जो अब धरातल पर आकार ले रही है।

श्री सैनी ने कहा कि कई बड़े निजी निवेशक इस परियोजना में रुचि दिखा रहे हैं, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले चंडीगढ़ से नांगल चौधरी पहुंचने में करीब 10 घंटे लगते थे, लेकिन एक्सप्रेसवे बनने से यात्रा का समय काफी कम हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा का हर जिला चार लेन राजमार्गों और ग्रीन कॉरिडोर एक्सप्रेसवे से जुड़ चुका है। इससे महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और आसपास के किसानों, व्यापारियों व उद्योगपतियों को अपने उत्पाद मुंबई बंदरगाह के जरिये वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा होगी।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना हरियाणा के साथ-साथ राजस्थान के आर्थिक विकास में भी अहम साबित होगी।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए श्री सैनी ने कहा कि जनता अब भ्रामक बयानों से गुमराह नहीं होगी।

उन्होंने बताया कि कोरियावास स्थित महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की कक्षाएं नियमित रूप से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचा पूरा होने के साथ ही यह क्षेत्र औद्योगिक विकास और समृद्धि का नया केंद्र बनेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित